महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी चने के बीज को कथित तौर पर निर्धारित वितरण व्यवस्था से बाहर ले जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. चरखारी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार में शिकायत के बाद पहुंचे भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने गोदाम प्रभारी से बीज ले जाने के संबंध में सवाल किए. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक ने कथित तौर पर उन्हें तीन थप्पड़ मार दिए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात विधायक बृजभूषण राजपूत को सरकारी बीज की कथित कालाबाजारी की शिकायत मिली थी. इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ चरखारी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पहुंचे. मौके पर एक पिकअप में चने के बीज की बोरियां लदी मिलीं. आरोप है कि किसानों को निशुल्क वितरण के लिए उपलब्ध कराया गया बीज वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था.
बीज ले जाने के कागजात पर विधायक ने मांगा जवाब
मौके पर मौजूद गोदाम प्रभारी सोनू यादव से विधायक ने बीज को बाहर ले जाने की अनुमति और संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी. आरोप है कि जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर विधायक ने नाराजगी जताई और प्रभारी को थप्पड़ मार दिए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधायक बीज के गंतव्य और गरीब किसानों को इसके वितरण को लेकर सवाल उठाते सुनाई दे रहे हैं. वीडियो में वह गोदाम प्रभारी के खिलाफ जूते की माला मंगवाने और लहंगा-चुनरी पहनाकर जुलूस निकालने जैसी बातें भी कहते दिखाई देते हैं. हालांकि, सरकारी बीज को किस उद्देश्य से और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी पुष्टि जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगी.
पिकअप से बरामद हुईं चने के बीज की करीब 100 बोरियां
घटना की जानकारी मिलने पर उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप में चने के बीज की लगभग 100 बोरियां मिलीं. इनकी अनुमानित कीमत चार से पांच लाख रुपये बताई गई है. कृषि विभाग ने बीज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि बीज किस योजना के तहत आया था, उसे कहां भेजा जा रहा था और उसे ले जाने के लिए आवश्यक अनुमति तथा दस्तावेज मौजूद थे या नहीं.
गोदाम प्रभारी समेत तीन लोग हिरासत में
प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा ने चरखारी कोतवाली में गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है. पुलिस ने पिकअप और उसमें लदे बीज को जब्त कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. जांच में सरकारी बीज के आवंटन, उसके परिवहन और निर्धारित लाभार्थियों तक वितरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बीज को ले जाने के पीछे क्या वजह थी और कथित अनियमितता के लिए कौन जिम्मेदार है.
इसको लहंगा, चुनरी और जूते की माला पहनाओ, विधायक ने गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़
