महोबा: जिले के चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत बुधवार देर रात एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। खरेला थाना क्षेत्र में उनके काफिले के सामने आए एक केले से लदे भारी वाहन के कारण अचानक अफरा-तफरी मच गई। विधायक के चालक की सूझबूझ से उनकी कार तो सुरक्षित बच गई, लेकिन पीछे चल रहे एस्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर लगने से उसमें सवार सरकारी गनर, निजी सुरक्षा गार्ड और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रात करीब 12:30 बजे संकट मोचन मंदिर के पास हुई। बताया गया कि विधायक एक विवाह समारोह से अपने घर लौट रहे थे। उनके काफिले में निजी कार के साथ दो सुरक्षा वाहन भी शामिल थे। इसी दौरान सामने से आ रहा एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ा। चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे उतार दिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, विधायक की कार के पीछे चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके हिस्से सड़क पर बिखर गए। हादसे में सरकारी गनर श्याम सिंह, निजी सुरक्षा गार्ड किशनपाल और चालक जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद भागने की कोशिश, चालक हिरासत में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल वाहन महाराष्ट्र के जलगांव जिले का बताया जा रहा है, जिसमें केले लदे थे। यह वाहन मध्य प्रदेश से कानपुर की ओर जा रहा था।
विधायक ने जताया हत्या की साजिश का शक
भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उन्होंने करीब दो महीने पहले ही भाजपा प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उनका दावा है कि उस पत्र में सड़क दुर्घटना के जरिए नुकसान पहुंचाने की आशंका का भी उल्लेख किया गया था। विधायक ने कहा कि यदि उनके चालक ने समय रहते वाहन सड़क से नीचे नहीं उतारा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने पूरे मामले की विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग की है।
पूर्व सांसद ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
विधायक के पिता एवं पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने भी कहा कि परिवार पहले ही सुरक्षा संबंधी आशंका अधिकारियों के सामने रख चुका था। ऐसे में इस घटना की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह केवल दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
पुलिस का बयान
खरेला थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत सड़क हादसे से बाल-बाल बचे, ह’त्या की साजिश का जताया शक, SIT जांच की मांग
