महोबा में रिश्ते कलंकित, पिता पर अपनी बेटी से छेड़खानी का आरोप

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपनी ही 19 वर्षीय बेटी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा है। मामले में पीड़िता की विकलांग मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, घटना 23 मई की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी घर में पत्नी और बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी कमरे में दूध रखने पहुंची। आरोप है कि तभी आरोपी ने बेटी को पकड़ लिया और उसके साथ जबरन छेड़खानी करने लगा।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने जब आरोपी का विरोध किया तो उसने बेटी को जान से मारने की धमकी दी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर उसकी विकलांग मां मौके पर पहुंची। मां को देखते ही युवती रोते हुए उसके पास पहुंची और पिता की हरकत के बारे में बताया।
शिकायत के मुताबिक, जब पत्नी ने बेटी का पक्ष लेते हुए आरोपी का विरोध किया तो उसने पत्नी के साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित महिला अपनी बेटी को लेकर शहर कोतवाली पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडे ने बताया कि आरोपी श्रीचंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 352, 115(2) और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर सुषमा चौधरी को सौंपी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *