टीकमगढ़ विधायक ने सामुदायिक अस्पताल में गड़बड़ी पर भयंकर फटकारा

टीकमगढ़: जिले के जतारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिशंकर खटीक ने बुधवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने, गर्भवती महिलाओं से कथित रूप से पैसों की मांग किए जाने और उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों का समुचित उपयोग न होने जैसी शिकायतों पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता डॉक्टरों पर भरोसा करती है, इसलिए सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से व्यवस्था सुधारने और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मरीजों की सुविधा के लिए बदली ड्यूटी व्यवस्था
अस्पताल में विधायक ने डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और इलाज की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने डॉक्टरों की ड्यूटी प्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। मौके पर नया ड्यूटी चार्ट तैयार कराया गया ताकि प्रत्येक मरीज को निर्धारित समय पर चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकें।

अस्पताल के विकास के लिए 11 लाख रुपये की घोषणा
निरीक्षण के दौरान विधायक हरिशंकर खटीक ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु अपनी विधायक निधि से 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा अस्पताल में आवश्यक फ्रीजर की व्यवस्था के लिए 1 लाख रुपये अतिरिक्त देने की भी बात कही।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी कमियों को शीघ्र दूर किया जाए और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएमओ संजय अहिरवार को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने के निर्देश भी दिए।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *