भाजपा के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करते हुए सपा का प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में

झांसी: दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध की गूंज अब बुंदेलखंड तक पहुंच गई। मंगलवार शाम झांसी में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इलाइट चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नवाबाद थाने पहुंचा दिया।

पुलिस कार्रवाई में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष विश्वप्रताप सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं को मौके से हिरासत में लिया गया। सूचना मिलने के बाद सपा महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम भी नवाबाद थाने पहुंचे और पार्टी नेताओं से मुलाकात की।

इलाइट चौराहे पर अचानक शुरू हुआ प्रदर्शन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता अचानक इलाइट चौराहे पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई नोकझोंक
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ की घटना सामने नहीं आई। एहतियातन मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि यातायात और कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

पुलिस और सपा का अलग-अलग पक्ष
समाजवादी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बिना किसी ठोस कारण के उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने से कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी कारण एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *