उरई मेडिकल कॉलेज विवाद पर भड़के व्यापारी, शहर बंद कर किया प्रदर्शन, डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भाजपा नेता एवं व्यापारी बृजकिशोर गुप्ता और उनके बेटे के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को घटना के विरोध में शहर के व्यापारिक संगठनों और महिला संगठनों ने उरई बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।

सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं। बड़ी संख्या में व्यापारी घंटाघर चौराहे पर एकत्रित हुए और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और कई जगह जाम की स्थिति बन गई।

व्यापारियों ने पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का आरोप है कि मेडिकल College में भाजपा नेता बृजकिशोर गुप्ता और उनके बेटे के साथ अभद्र व्यवहार करने के बाद मारपीट की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी शिकायत पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। व्यापारियों का कहना है कि दूसरी ओर डॉक्टरों की तहरीर पर उरई कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी बात को लेकर व्यापारियों में भारी नाराजगी दिखाई दी।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
व्यापारियों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। घंटाघर चौराहे समेत आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने साफ कहा कि न्याय मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा। प्रशासन लगातार व्यापारिक संगठनों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने में जुटा हुआ है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *