जालौन: जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ युवाओं को खतरे की ओर धकेलती नजर आ रही है। यमुना ओवरब्रिज के समीप रेलवे ट्रैक पर कुछ युवकों द्वारा जान जोखिम में डालकर रील बनाने का वीडियो सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक रेलवे लाइन के बीचों-बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य युवक ट्रैक के किनारे खतरनाक अंदाज में वीडियो शूट कराते नजर आ रहे हैं। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की चाह में वे संभावित खतरे को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यमुना ओवरब्रिज के आसपास का इलाका रील बनाने वाले युवाओं के लिए पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है। अक्सर यहां युवाओं की भीड़ देखी जाती है, जो रेलवे ट्रैक और उसके आसपास वीडियो शूट करती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करना न केवल सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय भी है। इसके बावजूद कई युवक चेतावनियों और पूर्व में हुई कार्रवाई के बावजूद ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों से बाज नहीं आ रहे हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों ने रेलवे और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, गश्त को मजबूत किया जाए और रेलवे ट्रैक पर रील बनाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कालपी में रेलवे ट्रैक पर रीलबाजी का खतरनाक ट्रेंड, यमुना ओवरब्रिज के पास जान जोखिम में डाल रहे युवा
