खजुराहो के प्रसिद्ध ओबेरॉय होटल का बार सील, जानें वज़ह

छतरपुर: पर्यटन नगरी खजुराहो स्थित प्रतिष्ठित ओबेरॉय होटल के बार पर आबकारी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। विभागीय जांच में लाइसेंस संबंधी नियमों के उल्लंघन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न होने की बात सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को शिकायत मिली थी कि होटल परिसर में संचालित बार में निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी शराब परोसी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने होटल में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान बार संचालन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों को लाइसेंस और अन्य आवश्यक अनुमतियों में अनियमितताएं मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पंचनामा और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं भी पूरी की गईं। आबकारी अधिकारी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस के बार के संबंध में आवश्यक एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई थी। विभाग की ओर से कई बार समय दिए जाने के बावजूद प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं कर सका। इसी कारण नियमानुसार बार को सील करने की कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई के बाद होटल और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों में भी चर्चा का माहौल है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस, एनओसी और अन्य कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *