दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, छेड़छाड़ का भी आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

जालौन: जनपद के कोंच क्षेत्र के तिलक नगर में मामूली विवाद के बाद हिंसा का मामला सामने आया है। युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और महिला के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो ग्राम सिकरी की निवासी है, ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके दिव्यांग पति का तिलक नगर में मकान निर्माण कार्य चल रहा है। 15 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे पड़ोस में किराए पर रहने वाले कुछ लोग अचानक उनके घर में घुस आए।

तहरीर के अनुसार, अन्नू श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव, ऋतिक उर्फ छोटू श्रीवास्तव सहित करीब 15 लोगों ने पानी डालने को लेकर विवाद शुरू किया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा।

इस दौरान बीच-बचाव करने आई युवक के दोस्त की मां के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अन्नू श्रीवास्तव ने उसकी साड़ी खींची और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर महिला को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्नू श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव, ऋतिक उर्फ छोटू श्रीवास्तव, सुशील पटेल और अंशुल मिश्रा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दबंगों के बीच भय का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *