जालौन: जनपद के मोहल्ला फर्दनाबीस में किन्नर समाज के भीतर चल रहा गद्दी विवाद अब गंभीर और हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। गद्दीपति रेखाबाई ने अपने ही समुदाय के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पीड़िता रेखाबाई और उनकी शिष्या चमेली के अनुसार, नेहा और गुड्डी समेत कुछ अन्य किन्नर जबरन उनके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घर में रखे जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गए।
घटना के बाद पीड़िता ने जालौन चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद किन्नर समाज के अंदर चल रहे गद्दी और क्षेत्रीय वर्चस्व के विवाद भी खुलकर सामने आने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला किन्नर गद्दी के क्षेत्र बंटवारे से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या किन्नर समाज के भीतर बढ़ रहे आंतरिक विवाद भविष्य में और गंभीर घटनाओं को जन्म दे सकते हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
जालौन में किन्नर गद्दी विवाद हिंसक, घर में घुसकर मारपीट और लूट का आरोप
