अचानक चलते हार्वेस्टर में लग गयी आग, फ़िर…

जालौन: जिले में गेहूं की कटाई के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूरा मल्लू में चल रही कटाई के बीच अचानक एक हार्वेस्टर मशीन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी मशीन धू-धू कर जलने लगी। घटना किसान रोहित सेंगर के खेत की है, जहां गेहूं की कटाई का कार्य जारी था। इसी दौरान हार्वेस्टर से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए हार्वेस्टर चालक सौरभ परिहार ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद किसानों और मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी हार्वेस्टर जलकर खाक हो गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और मशीन पूरी तरह नष्ट हो गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में डर और चिंता का माहौल है। पहले से ही किसान ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं उनकी आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर रही हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किसानों को अब राहत कब मिलेगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *