जालौन में प्रेम विवाह की जिद, युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, दो घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जहां एक युवक प्रेम विवाह की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान 21 वर्षीय शेर सिंह पुत्र दिनेश कुमार निवासी ग्राम अटरा कलार थाना सिरसा कलार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शेर सिंह का गांव की ही एक युवती से फोन पर संपर्क हुआ था, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया. युवक उसी युवती से शादी करने की जिद पर अड़ गया था.

टावर पर चढ़कर करने लगा शादी की मांग
गुरुवार को अचानक युवक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से शोर मचाते हुए अपनी शादी कराने की मांग करने लगा. इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया.

पुलिस और दमकल टीम ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास शुरू किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.

दो घंटे की मशक्कत के बाद उतरा नीचे
करीब दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस अधिकारियों ने धैर्य और सूझबूझ के साथ युवक से लगातार बातचीत की. ग्रामीणों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया. आखिरकार युवक पुलिस की बात मान गया और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया.

पुलिस हिरासत में युवक, पहले भी कर चुका है ऐसा
नीचे उतरने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाना कुठौंद पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि युवक पहले भी इस तरह का कदम उठा चुका है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है.

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *