जालौन: जिले में डीजल-पेट्रोल खत्म होने की अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया. जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कोंच और उरई क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी सामने आई, जबकि एक स्थान पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बिक्री बंद मिली. इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए.
कोंच से शुरू हुआ निरीक्षण, किसानों की बढ़ी परेशानी
प्रशासनिक टीम ने जांच की शुरुआत कोंच नगर के नायरा पेट्रोल पंप से की. यहां पेट्रोल उपलब्ध था, लेकिन डीजल नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा. मौके पर मौजूद किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि डीजल की कमी से मूंग की बुवाई और चना, मटर व मसूर की कटाई प्रभावित हो रही है. इस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी और किसानों को राहत मिलेगी.
कई पंपों पर डीजल खत्म, एक जगह स्टॉक होने पर भी बिक्री बंद
निरीक्षण के दौरान नदीगांव रोड स्थित नासिर खान पेट्रोल पंप, सती लेना रोड के इंडियन ऑयल और एचपी पंप पर भी डीजल उपलब्ध नहीं मिला. वहीं कोंच के नारायण फिलिंग सेंटर पर करीब 6000 लीटर डीजल स्टॉक में होने के बावजूद बिक्री नहीं की जा रही थी. इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए.
डीएम ने बताई कमी की वजह
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के अनुसार कोंच क्षेत्र में डीजल की कमी के पीछे मुख्य कारण अधिक खपत और टैंकरों की समय पर आपूर्ति न होना है. साथ ही कुछ लोगों द्वारा डीजल का भंडारण किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसे अब खुलवाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रम में डीजल देने पर रोक इसलिए लगाई गई है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से ईंधन मिल सके.
जल्द सामान्य होगी आपूर्ति, प्रशासन अलर्ट
प्रशासन के मुताबिक दोपहर 3 से 4 बजे के बीच आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है और कंपनियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है. अधिकारियों को सुबह से रात तक लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं ताकि कहीं भी कृत्रिम संकट या कालाबाजारी न हो सके. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और अनावश्यक भंडारण से बचें. नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
जालौन में डीजल संकट पर प्रशासन सख्त, डीएम ने बताई कमी की वजह
