छतरपुर: जिले के चंदला थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बीच एक युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले में अब एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक अपनी पत्नी की गोद में सिर रखकर अपनी आखिरी बात कहता नजर आ रहा है. इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है और संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है.
समझौते के दौरान बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, रामविशाल अहिरवार को उसकी पत्नी के साथ विवाद के चलते थाने बुलाया गया था. यहां दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आरोप है कि उसने जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
मौत से पहले वीडियो में बयान
घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक को अस्पताल ले जाते समय उसकी हालत गंभीर दिख रही है. वीडियो में वह अपनी पत्नी की गोद में सिर रखे हुए है और पूछने पर बताता है कि पत्नी के “मर जाओ” कहने के बाद उसने यह कदम उठाया.
मां का आरोप- पानी मिलता तो बच जाता
मृतक की मां मुलिया अहिरवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि बेटा रास्ते भर पानी मांगता रहा, लेकिन उसे पानी नहीं दिया गया. अगर पानी दिया जाता और उल्टी कराई जाती, तो उसकी जान बच सकती थी.
इस पर SDOP नवीन दुबे का कहना है कि जहर के मामलों में तुरंत पानी देना हर स्थिति में सही नहीं होता, इसलिए ऐसा नहीं किया गया.
पुलिस विभाग में कार्रवाई
घटना को गंभीर मानते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने चंदला थाना प्रभारी टीआई संदीप दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई प्रथम दृष्टया लापरवाही के आधार पर की गई मानी जा रही है. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है.
थानेदार की सफाई
निलंबित टीआई संदीप दीक्षित ने बताया कि यह मामला पहले से दर्ज था. युवक ने 31 मार्च को पत्नी के घर छोड़कर जाने की शिकायत की थी, जो न्यायालय में लंबित है. उसी मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था. उनके अनुसार, समझौते के दौरान पत्नी ने बताया कि युवक ने जहर खा लिया है, जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि
मृतक की मां के अनुसार, यह उसकी दूसरी शादी थी. वह नशे की हालत में अक्सर विवाद करता था. पत्नी इसी कारण मायके चली जाती थी. वहीं पत्नी लीला का कहना है कि पति शराब पीकर मारपीट करते थे और संपत्ति भी बेच चुके थे. इसी वजह से वह दो महीने पहले मायके चली गई थी और दोनों के बीच बातचीत बंद थी.
चंदला थाना में युवक की मौत से हड़कंप, मौत से पहले वीडियो में बयान, थानेदार निलंबित
