उरई में कैफे की आड़ में चल रहा हुक्का बार पकड़ा गया, पुलिस की छापेमारी में कई हिरासत में

जालौन: जनपद जालौन के उरई शहर में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैफे में संचालित हो रहे हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। मौके से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उरई कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी बाईपास स्थित “2.0 कैफे एंड रेस्टोरेंट” में नियमों के विपरीत हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि कैफे की आड़ में अवैध रूप से हुक्का पिलाने की व्यवस्था की गई थी। पुलिस को यहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित फ्लेवरयुक्त हुक्का सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान मिला।

छापेमारी की कार्रवाई होते ही कैफे में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तीन युवतियों समेत आधा दर्जन से अधिक युवकों को मौके से हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उरई और आसपास के इलाकों में कई कैफे और रेस्टोरेंट की आड़ में इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध हुक्का बार और प्रतिबंधित उत्पादों के उपयोग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कैफे संचालकों में भी हलचल देखी जा रही है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *