कालपी में मंदिर चोरी का खुलासा: मुठभेड़ में बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

जालौन: कालपी में देवपुरा माता मंदिर चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 26 पीतल के घंटे, 11,995 रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

16 सितंबर की रात मंदिर में हुई थी चोरी

मामला कालपी कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव स्थित देवपुरा माता मंदिर का है. पुलिस के अनुसार 16 और 17 सितंबर की रात अज्ञात चोर मंदिर में घुसे थे. चोर मंदिर में लगे घंटे उतार ले गए और दानपात्र में रखी रकम भी चोरी कर ली. शिकायत के अनुसार दानपात्र से करीब 35 हजार रुपये चोरी हुए थे. घटना के बाद वादी अनाग तिवारी की तहरीर पर कालपी कोतवाली में मुकदमा संख्या 213/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया.

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ सामना

पुलिस के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की रात चेकिंग के दौरान टीम का सामना संदिग्ध बदमाशों से हो गया. इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस की कार्रवाई में ग्राम गौर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात निवासी सन्दीप उर्फ नरेन्द्र कुमार (30) के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं उसके दो साथियों बलराम (35), निवासी ग्राम गौर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात और लाला उर्फ लालचंद (65), निवासी ग्राम अंडवा, थाना बरौर, कानपुर देहात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

मंदिर के घंटे और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी किए गए 26 पीतल के घंटे और 11,995 रुपये बरामद किए हैं. इसके अलावा एक अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और ताला-कुंडा तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले हैं. बरामद सामान में सब्बल, कटर और प्लास समेत अन्य उपकरण शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इन औजारों का इस्तेमाल चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया गया था.

पूछताछ में मंदिर चोरी की बात कबूलने का दावा

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने देवपुरा माता मंदिर में चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले किन-किन स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी सन्दीप के खिलाफ कानपुर देहात के अलग-अलग थानों में चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से जुड़े दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं. अन्य दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.

पुलिस की कार्रवाई से खुला मंदिर चोरी का मामला

देवपुरा माता मंदिर में हुई चोरी के बाद स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर नाराजगी थी. पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई और चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद तीनों को पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की पूरी कड़ी और उनके संभावित अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है.

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *