छतरपुर: नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और स्विफ्ट कार भी जब्त की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि घटना बस स्टैंड क्षेत्र की है, जहां से आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को कार से छोड़कर फरार हो गए थे।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सागर रेंज के आईजी मिथिलेश शुक्ला ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। वहीं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए कई टीमों का गठन किया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद कुशवाहा, रवि कुशवाहा और रविंद्र कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रवि और अरविंद रिश्ते में मामा-भांजे हैं। पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर तीनों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और स्विफ्ट कार जब्त कर ली है।
आरोपियों को कोर्ट में किया जाएगा पेश
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छतरपुर गैंगरेप केस: नाबालिग को अगवा कर किया दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
