पुलिस की बदमाश से मुठभेड़, टांग में गोली मारी, 13 से अधिक आपराधिक मामले हैं दर्ज़

जालौन: उरई कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। बाइक चोरी की कई वारदातों में वांछित चल रहे कुख्यात बदमाश सुनील कुशवाहा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ देर रात उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा बाईपास स्थित मरघट स्थल के पीछे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा बाइक चोर इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम का सामना सुनील कुशवाहा निवासी रामपुरा से हो गया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपी पिछले करीब आठ महीनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए थे, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।

पुलिस के मुताबिक सुनील कुशवाहा के खिलाफ विभिन्न थानों में बाइक चोरी समेत 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और कई बाइक चोरी की घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। देर रात हुई मुठभेड़ को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *