चोरी की घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम, अधिवक्ता के घर से लाखों का माल पार

जालौन: चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शहर के नया रावतान मोहल्ले में बदमाशों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रहे हैं।

बताया जा रहा है कि अधिवक्ता सुधाकर सिंह सेंगर अपने परिवार के साथ गांव मढ़ौरा गए हुए थे। घर कई घंटों तक बंद पड़ा रहा, जिसका फायदा उठाकर बदमाश देर रात मकान में घुस गए। चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर पहुंचकर कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला।

सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर की हालत देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारियों के लॉक टूटे हुए मिले। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक लोहे का सब्बल मिला है, जिससे ताले तोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात की गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

About आदित्य हृदय

आदित्य हृदय नवोदित पत्रकार हैं. सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि रखते हैं.

View all posts by आदित्य हृदय →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *