जालौन: जिले के गोहन थाना परिसर से सामने आया एक वायरल वीडियो अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। वीडियो में विकास नाम का युवक थाने के अंदर आराम से बैठा दिखाई दे रहा है और बैकग्राउंड में गाली-गलौच व गुंडई को बढ़ावा देने वाला ऑडियो बज रहा है। युवक वीडियो में खुद को दबंग अंदाज में पेश करता नजर आ रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर थाने जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की रील बनाने की हिम्मत उसे कैसे मिली।
क्या खत्म हो गया पुलिस का खौफ?
आम तौर पर थाना वह जगह माना जाता है जहां अपराधी और शरारती तत्व जाने से भी डरते हैं, लेकिन वायरल वीडियो ने इस धारणा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर लोग खुलकर लिख रहे हैं कि युवक को शायद अब जालौन पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। वीडियो में जिस तरह वह बेखौफ अंदाज में बैठा दिखाई दे रहा है, उससे पुलिस की साख पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हथकड़ी वाली तस्वीर ने और बढ़ाया मामला
वायरल वीडियो के साथ विकास की एक दूसरी फोटो भी तेजी से शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में युवक हाथों में हथकड़ी लगाए दिखाई दे रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि युवक पहले भी पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है, तो फिर उसके हौसले इतने बुलंद क्यों हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

समाजवादी पार्टी से जुड़ाव की चर्चा तेज
वायरल तस्वीरों में युवक कुछ समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों के साथ भी नजर आ रहा है। हालांकि राजनीतिक स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स इस एंगल को भी जोड़कर देख रहे हैं। इससे मामला और ज्यादा चर्चाओं में आ गया है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
थाने के अंदर बैठकर गाली-गलौच और गुंडई वाले ऑडियो पर रील बनाना अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या थाना परिसर में मोबाइल से इस तरह वीडियो बनाने की अनुमति थी या फिर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह सब हुआ। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

