NEET 2026 Paper Leak: NTA ने परीक्षा की रद्द, CBI करेगी जांच

Neet Exam 2026 Cancelled

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मंगलवार, 12 मई 2026 को बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह कदम पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद उठाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।

NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों का भरोसा कायम रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से प्राप्त इनपुट और प्रारंभिक जांच रिपोर्टों के आधार पर यह कदम जरूरी था।

एजेंसी ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द किया गया है और अब इसे दोबारा आयोजित किया जाएगा। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

पेपर लीक के आरोपों के बाद राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) पहले से ही इस मामले की जांच कर रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परीक्षा से पहले एक “गेस पेपर” वायरल हुआ था, जिसमें शामिल कई प्रश्न वास्तविक परीक्षा से मेल खाते पाए गए। SOG के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि मामला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

NTA ने यह भी कहा कि सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच सुनिश्चित करने के लिए इसे CBI को सौंपा है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी आवश्यक दस्तावेज एवं रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी।

हालांकि, परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। NTA ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह निर्णय जरूरी था। यदि समय पर कार्रवाई नहीं की जाती, तो व्यवस्था पर और गंभीर असर पड़ सकता था। इसी बीच, National Students’ Union of India (NSUI) ने शास्त्री भवन के पास विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पारदर्शिता की मांग की। अब देशभर के लाखों NEET अभ्यर्थी नई परीक्षा तिथि और आगे की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *