झाँसी में साफ पानी के लिए मटका आंदोलन, कलेक्ट्रेट घेरा

झांसी: शहर में लगातार बढ़ती पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को नवाबाद थाना क्षेत्र के छनियापुरा और तलैया मोहल्ले की दर्जनों महिलाएं खाली मटके और डिब्बे लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। यहां उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए नियमित जलापूर्ति की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि बीते करीब एक महीने से इलाके में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। मजबूर होकर महिलाओं को प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।

स्थानीय निवासी माया ने बताया कि मोहल्ले में वर्षों पुरानी पाइप लाइनें बिछी हुई हैं, जो गर्मियों में जवाब दे देती हैं। कई दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं आती। यदि थोड़ी देर के लिए पानी छोड़ा भी जाता है तो कुछ ही समय बाद सप्लाई बंद कर दी जाती है। महिलाओं का आरोप है कि उनके इलाके की जलापूर्ति को नजरअंदाज किया जा रहा है।

महिलाओं ने कहा कि पानी की कमी से घरों का पूरा कामकाज प्रभावित हो रहा है। पीने के पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ता है। कई परिवार टैंकरों के भरोसे हैं, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल होती जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन से जल्द नई पाइप लाइन बिछाने, खराब लाइनों की मरम्मत कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *