जालौन: जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी जालौन-औरैया मार्ग स्थित नाहिली बंबी के पास से की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 27 मई को कस्बा कुठौंद निवासी पंकज शुक्ला ने थाना कुठौंद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग हिंदू महिला और पुरुषों को बहला-फुसलाकर तथा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर ईसाई प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए ले जा रहे थे। शिकायतकर्ता ने धर्म परिवर्तन कराने की आशंका जताई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 73/2026 दर्ज करते हुए उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) तथा बीएनएस की धारा 6/38 के तहत विवेक कुमार, मोहित चौधरी और अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
इस मामले की जांच चौकी प्रभारी हदरूख उपनिरीक्षक मुकेश कुमार गौतम को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस टीम ने आरोपी विवेक Kumar पुत्र स्वर्गीय रामकुमार भास्कर निवासी सिससाकलार थाना सिरसाकलार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार और कांस्टेबल उत्कर्ष पांडेय शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुठौंद में धर्म परिवर्तन मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नाहिली बंबी के पास दबोचा
