13 साल पहले घर से भागी बेटी मुआवजा लेने के लिए आई, 32 लाख का विवाद

 

झांसी: जिले के रक्सा थाना क्षेत्र के बछौनी गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 13 साल पहले अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई एक महिला अब अचानक वापस लौट आई है और अपने पिता से मुआवजे की रकम को लेकर विवाद कर रही है। यह मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है और जांच जारी है।

गांव निवासी 70 वर्षीय बिरजा पाल ने बताया कि उनकी करीब ढाई एकड़ जमीन बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीड़ा) द्वारा अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले उन्हें 32 लाख रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ है। बिरजा पाल के अनुसार, उनकी पत्नी मुन्नी पहले शुगर सिंह की पत्नी थीं। शुगर सिंह की मृत्यु के बाद वह बिरजा पाल के साथ रहने लगीं। मुन्नी की पहली शादी से एक बेटी है, जिसकी उम्र अब लगभग 37 वर्ष है और वही इस विवाद का मुख्य कारण बनी हुई है।

बिरजा पाल और मुन्नी की दो अन्य बेटियां भी हैं, जिनमें रानी (30) और पूजा (19) शामिल हैं। बताया गया कि करीब 13 साल पहले मुन्नी की पहली बेटी अपने पति मातादीन को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। उस समय उसने अपने परिवार और रिश्तेदारों से पूरी तरह संबंध खत्म कर लिए थे।

हाल ही में उसे जानकारी मिली कि उसके पिता को जमीन अधिग्रहण के बदले 32 लाख रुपये का मुआवजा मिला है। इसके बाद वह गांव लौटी और पूरी रकम पर अपना दावा जताते हुए पिता से पैसे की मांग करने लगी। बिरजा पाल का कहना है कि वह इस रकम को अपनी छोटी बेटी पूजा की शादी के लिए सुरक्षित रखे हुए हैं और इसे देने की स्थिति में नहीं हैं। विवाद बढ़ने पर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

दूसरी ओर, बिरजा पाल ने भी पुलिस से अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल वह अपने दामाद और छोटी बेटी पूजा के साथ रह रहे हैं। मामले में हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक कामता प्रसाद शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *