झाँसी में अराजकतत्वों ने बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी, बवाल

झांसी: जनपद के मोंठ तहसील क्षेत्र के करगुवां गांव में शनिवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब खेतों में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त पाई गई। यह प्रतिमा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर करीब 45 वर्ष पूर्व स्थापित की गई थी और स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त किया। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

सूचना मिलते ही भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, जल्द से जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने की भी मांग उठाई गई।

मोंठ के एसडीएम अवनीश तिवारी ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया यह अराजक तत्वों की हरकत प्रतीत होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को शीघ्र ही पुनः स्थापित कराया जाएगा और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से प्रशासन लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *