जालौन: जनपद जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम शहजादेपुर में अंबेडकर जयंती के दिन एक 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरेंद्र सिंह उर्फ रोहित पुत्र नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरेंद्र सिंह अंबेडकर जयंती के अवसर पर गांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए चंदा एकत्र कर रहा था। इसी दौरान उसे अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसके पिता तुरंत उसे कुठौंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह तक था पूरी तरह स्वस्थ
परिजनों के अनुसार, अमरेंद्र सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ था और उसने परिवार के साथ सामान्य रूप से नाश्ता भी किया था। अचानक तबीयत बिगड़ने और कुछ ही देर में मौत हो जाने से परिवार सदमे में है।
खेती में पिता का सहारा था युवक
अमरेंद्र सिंह एक शिक्षित युवक था और उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। परिवार के पास करीब तीन बीघा जमीन है। मृतक का एक छोटा भाई भी है और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अंबेडकर जयंती के लिए जुटा रहा था चंदा, अचानक हो गयी मौ*त
