जालौन: एट कोतवाली क्षेत्र के पिरौना गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतक किसान की पहचान 38 वर्षीय सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जिनकी मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई थी।
परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र कुमार सुबह अपने खेत से घर लौटे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वे जमीन पर गिर पड़े। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फसल बर्बादी से थे परेशान
मृतक के भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि परिवार के पास लगभग 15 बीघा कृषि भूमि है। इस बार फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने पूरी फसल को बर्बाद कर दिया। इससे सुरेंद्र कुमार गहरे तनाव में थे और लगातार चिंतित रहते थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि फसल बर्बादी के कारण मानसिक दबाव बढ़ गया था, जिसकी वजह से उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेंद्र कुमार अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। परिवार में उनके पिता उमाशंकर, मां सोना देवी, पत्नी सुनीता, बेटा राज और बेटी राधिका शामिल हैं। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
फ़सल बर्बादी के सदमे में चली गयी किसान की जान, परिवार में मातम
