जालौन में रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सागर, मुस्लिम समाज ने की पुष्पवर्षा, गूंजा ‘जय श्रीराम’

जालौन: भगवान श्रीराम के प्रकटोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर जालौन नगर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर की सड़कों पर रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। केसरिया ध्वजों से सजे मार्ग और भक्ति गीतों की मधुर धुनों ने नगर को पूरी तरह राममय बना दिया।
गुरुवार को भगवान श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, भरत और भारत माता की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। हर झांकी में भक्ति की झलक और सांस्कृतिक गौरव की अनुभूति साफ दिखाई दे रही थी।

शोभायात्रा द्वारिकाधीश मंदिर से प्रारंभ होकर छोटी माता मंदिर, बंबई वाला मंदिर, सब्जी मंडी, नाना महाराज मंदिर, झंडा चौराहा, बस स्टैंड, तहसील, कोंजी हाउस और कोतवाली रोड से होते हुए देवनगर चौराहे पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान एकता और भाईचारे की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली, जब मुस्लिम समाज के लोगों ने रामभक्तों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दृश्य ने पूरे माहौल को और अधिक भावुक और प्रेरणादायक बना दिया, जिससे समाज में सौहार्द और सद्भाव का संदेश गया।

जुलूस में डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर भक्तगण झूमते नजर आए और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने भक्ति के रंग में रंगकर नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह रामभक्तों के लिए शरबत, पानी, फल, बूंदी, हलवा और कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया गया, जिससे सेवा भाव की झलक भी देखने को मिली।

इस आयोजन में जिला कार्यवाह गौतम त्रिपाठी, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह सेंगर, दीपक मित्तल, राजा सिंह सेंगर, अनिल शिवहरे, भाजपा नगर अध्यक्ष अभिनव सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष अभय सिंह राजावत, मनोज गुप्ता, विनय अग्रवाल, यश पटेल, लालन ताम्रकार, भूपेंद्र सेंगर, दिलीप श्रीवास्तव, वाचस्पति मिश्रा, मानवेन्द्र परिहार, अनुप दीक्षित, सत्यम त्रासिक, प्रद्युम्न द्विवेदी, मधु पांडेय, रेखा वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सीओ शैलेन्द्र कुमार बाजपेयी, कोतवाल हरीशंकर चंद, एसएसआई संजय त्यागी, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, इंस्पेक्टर अजीत सिंह और एसआई शिवम सेंगर सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। यह शोभायात्रा न केवल आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश भी दे गई।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *