जालौन में यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत, संत समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

जालौन: जनपद के कोंच कोतवाली में गुरुवार को एक यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष रामभूषण उदैनिया ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि वीडियो में संत समाज और धार्मिक संस्थाओं के खिलाफ आपत्तिजनक व भ्रामक टिप्पणियां की गई हैं।

शिकायत में कहा गया है कि संबंधित यूट्यूबर ने फेसबुक और यूट्यूब पर साझा किए गए वीडियो में जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज के खिलाफ असत्य और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि इससे न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचा है, बल्कि संत समाज और अखाड़ों के प्रति भी नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया गया है।

हिन्दू महासभा ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि स्वामी चक्रपाणि जी महाराज राम जन्मभूमि मामले में सर्वोच्च न्यायालय तक अपनी बात रख चुके हैं। साथ ही उन्होंने कई बार राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई है। संगठन के अनुसार, इसी कारण उन्हें पूर्व में जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं और सुरक्षा के मद्देनजर केंद्र सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2015 से जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।

संगठन ने आरोप लगाया कि वीडियो में सनातन संतों और अखाड़ों के खिलाफ नकारात्मक माहौल तैयार किया गया, जबकि अन्य धर्मों के नेताओं का महिमामंडन किया गया। इसे उन्होंने सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर ने बताया कि संगठन की ओर से प्राप्त शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। पुलिस द्वारा वीडियो की सत्यता और आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *