जालौन: अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत की गई, जिसे पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है।
माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के पर्यवेक्षण में की गई। वहीं, जिला स्तर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया गया।
पुलिस के अनुसार, जनपद के विभिन्न थानों में लंबित मामलों से संबंधित कुल 680 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। यह प्रक्रिया राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में स्थापित इंसुलेटर भट्टी में पूरी सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुई। कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे विनष्टीकरण की निगरानी की गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रहा है और इस तरह की कार्रवाई से न केवल अपराध पर नियंत्रण होगा, बल्कि समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में भी मदद मिलेगी।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम लगातार उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के हित में एक सकारात्मक कदम बताया है।
जालौन में 680 किलो मादक पदार्थ नष्ट, “ऑपरेशन दहन” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
