जालौन CHC में बनेगा ट्रॉमा सेंटर, महानिदेशक डॉ. रंजना खरे ने निरीक्षण कर दिया प्रस्ताव का निर्देश

जालौन: परिवार कल्याण विभाग की महानिदेशक डॉ. रंजना खरे ने मंगलवार को जालौन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जनरल वार्ड, इमरजेंसी कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। साथ ही उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।

महानिदेशक ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की जाएगी, जिससे जांच सुविधाएं और बेहतर होंगी। इसके अलावा लंबे समय से खराब पड़ी हेल्थ एटीएम मशीन को भी जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों को जांच और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएचसी को अनावश्यक रूप से रेफर सेंटर न बनाया जाए। मरीजों की स्थिति का सही आकलन करने के बाद ही उन्हें उच्च केंद्रों पर रेफर किया जाए। हड्डी रोग विशेषज्ञ की कमी को देखते हुए उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव को जरूरी बताया। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. अरविंद भूषण, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कपिल गुप्ता और डॉ. विनोद राजपूत सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *