जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में जालौन के पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी काले रंग की स्कॉर्पियो से जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक करने की कोशिश में वाहन असंतुलित हो गया और आगे चल रही गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की भयावह तस्वीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पांचों पुलिसकर्मी वाहन में बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। घटना कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास हुई।

अपहरण मामले में गए थे नूंह
बताया जा रहा है कि सभी पुलिसकर्मी जालौन के उरई कोतवाली में तैनात थे और SOG टीम के साथ एक अपहरण मामले में दबिश देने के लिए नूंह गए थे। कार्रवाई पूरी कर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
दरोगा मोहित यादव (कन्नौज, 2018 बैच)
दरोगा सत्यभान (कासगंज)
कॉन्स्टेबल अशोक कुमार (बांदा)
सिपाही प्रदीप (सर्विलांस टीम)
एक वाहन चालक (पहचान अभी स्पष्ट नहीं)

पुलिस अधिकारी का बयान
तावडू सदर थाना प्रभारी शीशराम के अनुसार, दुर्घटना के बाद शवों को बाहर निकालने में काफी समय लगा। मौके पर एंबुलेंस बुलाकर सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
जांच और आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में ओवरटेक के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ना मुख्य वजह माना जा रहा है।

