दतिया: विधानसभा उपचुनाव के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी नाराजगी की चर्चाओं के बीच अब कांग्रेस उन्हें अपने साथ बनाए रखने के लिए सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह कांग्रेस के पूर्व मंत्री मुकेश नायक उनके निवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में करीब 25 मिनट तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद दतिया की राजनीतिक फिजा में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। हालांकि दोनों नेताओं की बातचीत में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
भाजपा भी बनाए हुए है संपर्क
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व को आशंका है कि अवधेश नायक भविष्य में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसी कारण पार्टी लगातार उन्हें मनाने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर भाजपा भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि भाजपा के मंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी पहले उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
कार्यकर्ताओं की राय के बाद होगा फैसला
अवधेश नायक ने फिलहाल अपने अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक निर्णय से पहले वह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। उनके अनुसार अंतिम फैसला सामूहिक राय के आधार पर लिया जाएगा।
दोनों दलों की नजर अवधेश नायक पर
दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान अवधेश नायक का अगला कदम कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वह आने वाले दिनों में किस दिशा में अपना राजनीतिक फैसला लेते हैं। इससे उपचुनाव की रणनीति और राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।
दतिया उपचुनाव में अवधेश नायक को कौन मना पायेगा?
