दतिया: विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो कार्रवाई में कुल 36 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में नकदी के संबंध में मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) ने जांच शुरू कर दी है।
गोराघाट चेकिंग पॉइंट पर मिली 21.19 लाख रुपये की नकदी
पुलिस के अनुसार गोराघाट चेकिंग पॉइंट पर नियमित जांच के दौरान एमपी-09-ZD-9082 नंबर की स्कॉर्पियो को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 21 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मौके पर ही नकदी की गिनती कराई और रकम से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की।
सेवढ़ा चुंगी पर दूसरी कार्रवाई में मिले 15 लाख रुपये
इसी अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल की मौजूदगी में सेवढ़ा चुंगी क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक होंडा अमेज कार की जांच में 15 लाख रुपये नकद बरामद हुए। वाहन को देहात थाना परिसर में खड़ा कराया गया है और नकदी के स्रोत से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
नकदी के स्रोत की हो रही जांच
दोनों मामलों में पुलिस वाहन चालक और मालिक से नकदी के स्रोत तथा उसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए जारी है अभियान
दतिया विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए जिले की सीमाओं, प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान अवैध नकदी, शराब और अन्य प्रलोभन सामग्री के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि मतदान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
दतिका उपचुनाव के बीच कहाँ जा रही थी 36 लाख की नकद रकम?
