जालौन: जिले में मंगलवार को बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। सुबह से ही जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। भक्तों ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में सुंदरकांड, अखंड रामायण, हवन-पूजन और भंडारे के आयोजन किए गए।
दोहर सरकार मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की कतार
कोंच नगर के प्राचीन दोहर सरकार हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल को लेकर विशेष तैयारियां की गईं। सुबह सात बजे आरती के बाद मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और आसपास के क्षेत्रों के साथ दूर-दराज से भी लोग हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में भगवान राम, माता जानकी, लक्ष्मण, लड्डू गोपाल और हनुमान जी की आकर्षक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने झांकी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
ठड़ेश्वरी मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी आयोजन
उरई के प्रसिद्ध ठड़ेश्वरी मंदिर सहित जिले के अन्य प्रमुख हनुमान मंदिरों में भी बुढ़वा मंगल पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण, हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन हुआ। मंदिरों के आसपास प्रसाद, खिलौने, खान-पान और अन्य सामग्री की दुकानें भी लगीं। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मंदिर परिसरों और आसपास के बाजारों में मेले जैसा माहौल नजर आया।
भीड़ को देखते हुए किए गए विशेष इंतजाम
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर समितियों और प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के प्रयास किए गए। कई मंदिरों में बांस-बल्लियों से अलग-अलग कतारें बनाई गईं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गईं। दोहर सरकार मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। इसी धार्मिक विश्वास के चलते बुढ़वा मंगल के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
बुढ़वा मंगल के मद्देनजर जिले के प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। मंदिर परिसरों में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
हाईवे पर डायवर्जन, यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी पुलिस
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रमुख मार्गों और हाईवे पर आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन किया गया, ताकि मंदिरों के आसपास जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए।
विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी किए दर्शन
बुढ़वा मंगल के अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
बुढ़वा मंगल पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, हो रहे भंडारे व अन्य आयोजन
