झांसी में एक बड़े मेडिकल उपकरण घोटाले का मामला सामने आया है। शहर के निर्मल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनोज मिश्रा ने कानपुर की एक कंपनी और उसके प्रतिनिधि पर 62.50 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। मामला सीटी स्कैन मशीन खरीदने से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने पहले एडवांस लेकर खराब मशीन भेज दी और बाद में नई मशीन देने के नाम पर लाखों रुपए और वसूल लिए, लेकिन मशीन उपलब्ध नहीं कराई।
अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने की थी तैयारी
डॉ. मनोज मिश्रा के अनुसार वह अपने अस्पताल में नई सीटी स्कैन मशीन स्थापित करना चाहते थे। इसी दौरान अगस्त 2023 में कानपुर स्थित कंपनी मैसर्स रिफेक्ट ट्रेडिंग सॉल्यूशन के अधिकृत प्रतिनिधि राहुल अवस्थी ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने कंपनी की ओर से एक वर्ष की वारंटी के साथ सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। डॉक्टर का आरोप है कि 35 लाख रुपए में मशीन देने की बात तय हुई और 30 लाख रुपए एडवांस के रूप में लिए गए। इसके बाद 22 अगस्त 2023 को 100 रुपए के स्टांप पेपर पर दोनों पक्षों के बीच अनुबंध भी कराया गया।
पुरानी और खराब मशीन भेजने का आरोप
शिकायत के मुताबिक कंपनी की ओर से जो मशीन भेजी गई, वह पुरानी निकली और लगातार खराब होती रही। मशीन सही तरीके से काम नहीं कर सकी, जिससे अस्पताल संचालन में भी परेशानी हुई। डॉ. मनोज का कहना है कि जब उन्होंने मशीन की खराबी को लेकर कंपनी और प्रतिनिधि से शिकायत की तो उन्हें दूसरी और बेहतर मशीन भेजने का भरोसा दिया गया। इसके बदले अतिरिक्त रकम की मांग की गई।
नई मशीन के नाम पर फिर वसूले 32.50 लाख रुपए
आरोप है कि कंपनी प्रतिनिधि राहुल अवस्थी ने नई मशीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर डॉक्टर से 32.50 लाख रुपए और ले लिए। इसके बावजूद नई मशीन नहीं भेजी गई। काफी समय तक इंतजार और संपर्क करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। खुद को ठगा महसूस करने पर डॉ. मनोज मिश्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
नवाबाद थाने में केस दर्ज
मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब कंपनी, अनुबंध और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी प्रतिनिधि की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
झांसी में डॉक्टर से 62.50 लाख की ठगी, सीटी स्कैन मशीन के नाम पर लगाया चूना
