झाँसी: उत्तर प्रदेश के Jhansi में एक नाबालिग दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज 26 दिन बाद 13 वर्षीय किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कम उम्र में शादी और किशोरी की मानसिक स्थिति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मामला कटेरा थाना क्षेत्र के कचनेव गांव का है। परिजनों के अनुसार, किशोरी रविवार को अपने पति के साथ मायके आई थी। सोमवार रात गांव में रामलीला और भंडारे का आयोजन चल रहा था। परिवार के अधिकांश सदस्य कार्यक्रम में गए हुए थे, जबकि किशोरी और उसका पति घर पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे किशोरी ने जहरीली दवा निगल ली। कुछ देर बाद वह पति के साथ रामलीला जाने के लिए घर से निकली, लेकिन रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। दर्द से तड़पती हुई वह अपनी मां के पास पहुंची और कहा, “मम्मी, मैंने दवाई खा ली।” इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन उसे तत्काल बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रेम संबंध के बाद हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि किशोरी की बड़ी बहन की शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ननवारा गांव में हुई थी। बहन की ससुराल आने-जाने के दौरान किशोरी की मुलाकात 18 वर्षीय रसिया केवट से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में किशोरी ने उसी युवक से शादी करने की जिद पकड़ ली। शुरुआत में परिवार ने विरोध किया, लेकिन बाद में परिजन मान गए और 30 अप्रैल को दोनों की शादी करा दी गई। किशोरी के नाना ने बताया कि परिवार को लगा था कि बेटी की खुशी इसी में है।
आधार कार्ड से खुली असली उम्र
मौत के बाद पुलिस जांच के दौरान किशोरी की उम्र को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। शुरुआत में परिजन उसकी उम्र 18 साल बता रहे थे, लेकिन दस्तावेजों की जांच में आधार कार्ड से पता चला कि शादी के समय उसकी उम्र केवल 13 साल 3 महीने 26 दिन थी। उम्र सामने आने के बाद गांव में बाल विवाह को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि परिवार कानूनी कार्रवाई के डर से वास्तविक उम्र छिपाने की कोशिश कर रहा था।
पति ने कहा- पिता की मौत के बाद तनाव में थी
पति रसिया केवट ने बताया कि किशोरी अपने पिता की मौत के बाद से अक्सर तनाव में रहती थी। उसके पिता का निधन करीब एक साल पहले हो चुका था। पति के मुताबिक, वह कई बार अपने पिता को याद कर भावुक हो जाती थी। हालांकि, परिवार अब तक यह स्पष्ट नहीं कर सका है कि किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
झांसी में 13 साल की नाबालिग दुल्हन ने खाया जहर, शादी के 26 दिन बाद मौत; आधार कार्ड से खुली उम्र की सच्चाई
