कोंच के गांधी नगर में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा विरोध, उपभोक्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जालौन: जिले के कोंच नगर स्थित गांधी नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर बिजली उपभोक्ताओं का असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली खर्च में अचानक वृद्धि हो गई है। पहले जहां बिजली बिल स्पष्ट और समझने योग्य होता था, वहीं अब स्मार्ट मीटर में खपत और दरों का सही विवरण नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों को यह समझने में कठिनाई हो रही है कि उनकी वास्तविक खपत कितनी है और किस आधार पर राशि काटी जा रही है।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 3500 रुपये तक का रिचार्ज कराया, लेकिन एक माह पूरा होने से पहले ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई। अब स्थिति यह है कि हर 10 से 15 दिन में दोबारा रिचार्ज कराना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने स्मार्ट मीटर की बिलिंग प्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे अपारदर्शी बताया। उनका कहना है कि इसमें तकनीकी खामियां हो सकती हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि बिलिंग का स्पष्ट और लिखित विवरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ता अपनी खपत को सही तरीके से समझ सकें।

लोगों ने यह भी कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

इस दौरान राजकुमार खरे, लीला देवी, अनुराधा, पार्वती, राजेश्वरी, अनिता, किरण देवी और प्रेमवती सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान की अपील की है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *