दबंगों ने उखाड़ी महिला किसान की फ़सल, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

जालौन: जनपद के कोंच तहसील क्षेत्र के भेंपता गांव से एक महिला किसान के साथ अभद्रता और फसल नुकसान का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के कुछ लोगों पर उनकी चना की फसल उखाड़ने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप के बाद अब मामला क्षेत्राधिकारी (सीओ) तक पहुंच गया है।

भेंपता गांव निवासी कुंवर बाई ने मंगलवार को कोंच के सीओ परमेश्वर प्रसाद से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में बताया कि 24 मार्च 2026 को वह अपने खेत पर चना की फसल की रखवाली कर रही थीं। इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके खेत से हरे चने उखाड़ रहे थे।

जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गाली-गलौज की। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद जब वह शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंचीं, तो वहां मौजूद उनके पिता और भाई ने भी उन्हें धमकाया और पूरी फसल उखाड़ देने की चेतावनी दी।

कुंवर बाई के अनुसार, आरोपियों ने बाद में उनके घर के बाहर आकर भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले पहाड़गांव चौकी और फिर 26 मार्च को थाना कैलिया में लिखित रूप में दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं और वे लगातार धमकी दे रहे हैं। उन्होंने सीओ से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ परमेश्वर प्रसाद ने तत्काल थाना कैलिया के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार पटेल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *