पोकलैंड मशीन से दबकर युवक की मौ*त, शव छिपाने की कोशिश, ह*त्या या हादसा?

जालौन: जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई, जहां एक युवक की पोकलैंड मशीन से दबकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला उस समय और भी गंभीर हो गया जब घटना के बाद घाट संचालक के फरार होने की बात सामने आई। मृतक की पहचान भारत राजपूत (25) पुत्र स्वर्गीय हाकिम राजपूत उर्फ कल्लू राजपूत, निवासी ग्राम बरसार थाना कोटरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भारत अपने परिवार का इकलौता सहारा था और घाट पर कार्य करते हुए ही परिवार का भरण-पोषण करता था।

शव छिपाने का आरोप, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
परिजनों के अनुसार, घटना की रात भारत घाट पर ही सो रहा था। इसी दौरान पोकलैंड मशीन उसके ऊपर चढ़ा दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद शव को छिपाने और दफनाने का प्रयास किया गया। परिवार ने इस पूरे मामले को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यह दुर्घटना थी, तो घटना के बाद जिम्मेदार लोग मौके से क्यों फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू पर हो रही पड़ताल
सूचना मिलने के बाद चिकासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। 

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *