मात्र 6 एकड़ जमीन के लिए दो भाइयों की बेरहमी से ह*त्या, वारदात से दहला जालौन

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की जान चली गई. यह घटना न सिर्फ गांव बल्कि पूरे इलाके में सनसनी और शोक का कारण बन गई है.

गांव निवासी जय नारायण चतुर्वेदी के तीन बेटों के बीच 6 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मझला बेटा जितेंद्र उर्फ अल्लू लगातार बंटवारे की मांग कर रहा था, जबकि बड़ा भाई कैलाश और छोटा भाई गुड्डू खेती में लगे हुए थे.
सोमवार शाम खेत में काम के दौरान तीनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज से बढ़कर हिंसा में बदल गया. आरोप है कि गुस्से में आकर जितेंद्र ने तमंचे से अपने बड़े भाई कैलाश को गोली मार दी. गोली लगते ही कैलाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

बड़े बेटे की मौत से गुस्साए पिता जय नारायण और छोटा बेटा गुड्डू आपा खो बैठे. दोनों ने मिलकर जितेंद्र को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. मारपीट इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में जितेंद्र की भी मौके पर मौत हो गई. कुछ ही मिनटों में एक परिवार के दो बेटे मौत के मुंह में समा गए.

घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. जिस खेत में परिवार रोजी-रोटी के लिए मेहनत करता था, वहीं अब खून के निशान और बिखरा सामान इस त्रासदी की गवाही दे रहे हैं. खेत में पड़ी अधूरी रोटियां इस दर्दनाक मंजर को और भी भावुक बना देती हैं. जिन्हें खाने का मौका किसी को नहीं मिला.

दोनों मृतकों की पत्नियां सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो रही हैं. मां ने एक ही दिन में अपने दो बेटों को खो दिया. वहीं पिता और तीसरा बेटा पुलिस हिरासत में हैं. छोटे-छोटे बच्चे अब भी अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने पिता जय नारायण और छोटे बेटे गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *