जालौन: जिले के उरई शहर में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। शहर कोतवाली परिसर के भीतर स्थित दो सरकारी आवासों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आवास के पिछले हिस्से की खिड़की को कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब दोनों आवासों में रहने वाले पुलिस अधिकारी ड्यूटी के कारण बाहर थे।
जिन आवासों में चोरी हुई, वे पूर्व एसएसआई उदय प्रताप सिंह और एसआई अशोक कुमार के बताए जा रहे हैं। उदय प्रताप सिंह इस समय कालपी कोतवाली में तैनात हैं, जबकि अशोक कुमार झांसी जिले में कार्यरत हैं।
इस घटना का सबसे गंभीर पहलू यह है कि चोरी पुलिस कोतवाली परिसर के अंदर हुई, जहां आमतौर पर 24 घंटे सुरक्षा और निगरानी रहती है। इसके बावजूद चोरों का बिना किसी बाधा के वारदात को अंजाम देना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि घटना को लेकर शुरू में जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे मामले को दबाने की आशंका जताई जा रही है। इससे पुलिस की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल, इस घटना ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। उरई कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह के सामने अब इस मामले का जल्द खुलासा करने की चुनौती है। पुलिस जांच में जुटी है और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस चोरों से अपने आवासों को भी नहीं बचा पायी, सुरक्षा पर सवाल, लाखों की चोरी
