जालौन: जनपद के माधौगढ़ कस्बे में स्मार्ट मीटर के विरोध में मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। वार्ड संख्या 4, 5, 10 और 2 की करीब 500 महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। महिलाएं अपने-अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर हाथों में लेकर विरोध जताने पहुंचीं। उनका आरोप है कि ये मीटर गलत रीडिंग दिखा रहे हैं, जिसके चलते उन्हें जरूरत से ज्यादा बिजली बिल भरना पड़ रहा है। इससे उनके घरेलू बजट पर गंभीर असर पड़ रहा है।
चितौरा और सिहारी बस स्टैंड पर लगा लंबा जाम
प्रदर्शन के चलते चितौरा बस स्टैंड और सिहारी बस स्टैंड पर लंबा जाम लग गया। मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और जाम को नियंत्रित किया जा सके।
अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा, बढ़ा आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम राकेश सोनी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), इंस्पेक्टर, एसडीओ और जेई समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक चली वार्ता के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। इससे महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
जेई पर अभद्र व्यवहार का आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने रामपुरा क्षेत्र के एक जूनियर इंजीनियर (JE) पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि वे न केवल स्मार्ट मीटर की तकनीकी समस्याओं से परेशान हैं, बल्कि अधिकारियों के रवैये से भी उन्हें निराशा मिल रही है। महिलाओं ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर की जांच कराई जाए, गलत बिलिंग को सुधारा जाए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
माधौगढ़ में स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिलाएं, घंटों जाम से लोग परेशान
