क्या ब्लॉक प्रमुख से पंगा लेना पड़ा भारी? SDM रिंकू राही का तबादला

जालौन: मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जालौन के उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण कर उन्हें उरई में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार हस्तांतरित और ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह प्रशासनिक निर्णय ऐसे समय में सामने आया है जब पिछले कुछ दिनों से एसडीएम रिंकू सिंह राही और भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच हुए विवाद को लेकर मामला चर्चा में था। हालांकि स्थानांतरण आदेश में इस बदलाव का कोई कारण दर्ज नहीं किया गया है।

ब्लॉक प्रमुख के आरोपों के बाद बढ़ी थी चर्चा
सोमवार को ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने मीडिया के सामने अपनी शिकायत रखते हुए एक वीडियो भी साझा किया था। उनका आरोप था कि 23 जून को निरीक्षण के दौरान एसडीएम रिंकू सिंह राही ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल फोन पर हाथ मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इस मामले की शिकायत जिला अधिकारी राजेश कुमार पांडेय से की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित कर जांच शुरू कर दी थी। जांच की प्रक्रिया अभी जारी है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं रिंकू सिंह राही
आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही इससे पहले भी चर्चाओं में रह चुके हैं। शाहजहांपुर में वकीलों के साथ हुए एक चर्चित घटनाक्रम के बाद उन्हें राजस्व परिषद मुख्यालय से संबद्ध किया गया था। इसके बाद लगभग 13 महीने बाद उन्हें जालौन में फील्ड पोस्टिंग मिली थी। करीब एक माह पूर्व भाजपा विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी उनकी कार्यशैली को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद हालिया विवाद ने एक बार फिर प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया।

आदेश में कारण का उल्लेख नहीं
डीएम कार्यालय से जारी स्थानांतरण आदेश में केवल अधिकारियों की नई तैनाती और तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में तबादले के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में प्रशासनिक फेरबदल को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *