जालौन: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक हादसे में खड़े ट्रक में डंपर की टक्कर से क्लीनर की मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में मजदूरों और उनके परिवारों से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पहली घटना जालौन क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक का क्लीनर छोटू उर्फ अरुण कुमार (22) गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गया।
सूचना मिलने पर जालौन पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायल को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक झांसी जनपद के भोजला गांव का निवासी बताया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना में अलीगढ़ से महोबा जा रहा मजदूरों और उनके परिवारों से भरा एक ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक में ईंट भट्टों पर काम करने वाले श्रमिक सवार थे जो अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है। एक ही दिन में एक्सप्रेसवे पर हुई इन दो घटनाओं के बाद यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक ही दिन दो हादसे, क्लीनर की मौत, कई मजदूर घायल
