जालौन जिले के डकोर विकासखंड अंतर्गत कुसमिलिया गांव में सोमवार शाम भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते गांव के कच्चे मकानों, छप्परों और भूसे के ढेरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों से गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीणों, दमकल विभाग और प्रशासन की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
इस अग्निकांड में करीब 25 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 17 परिवारों के मकान और घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई परिवारों के कपड़े, खाद्यान्न, बर्तन, भूसा और दैनिक उपयोग का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह समेत प्रशासनिक और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व टीम ने नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय को भेजी। मंगलवार को जिलाधिकारी स्वयं गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था कराई गई। गांव में लंगर संचालित कराया गया। साथ ही राहत सामग्री के रूप में आटा, चावल, दाल, तेल, मसाले, आलू, प्याज, साबुन, बाल्टी, टोकरी और अन्य जरूरी सामान वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जालौन के कुसमिलिया गांव में भीषण अग्निकांड, 25 परिवार प्रभावित, डीएम ने पहुंचकर बांटी राहत सामग्री
