दतिया: जिले में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे की बताई जा रही है, जहां वह रोज की तरह टहलने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कल्लू कुशवाहा जैसे ही चौराहे पर पहुंचे, तभी अचानक कुछ हमलावर वहां आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हालात को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पहले भी हत्या के मामले में आरोपी रह चुके थे पार्षद
जानकारी के मुताबिक, कल्लू कुशवाहा पूर्व पार्षद बाल किशन कुशवाहा की हत्या के मामले में आरोपी थे। इस मामले में दतिया कोर्ट ने उन्हें समेत छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी। बताया जा रहा है कि वह करीब चार महीने पहले ही जेल से बाहर आए थे।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।

