182 PCS अधिकारियों के तबादले, कोंच SDM हेमंत पटेल का स्थानांतरण

जालौन: उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 182 पीसीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस व्यापक सूची में जालौन जनपद के दो उपजिलाधिकारी भी शामिल हैं। नए आदेशों के बाद कोंच तहसील और न्यायिक उपजिलाधिकारी के पद पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

सरकार द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, कोंच तहसील में तैनात उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनकी जगह सीतापुर से अभिनव कुमार यादव को जालौन भेजा गया है। वहीं, न्यायिक उपजिलाधिकारी विश्वेश्वर को भी नई तैनाती दी गई है। उनके स्थान पर बस्ती से मनोज कुमार को जालौन में नियुक्त किया गया है।

हेमंत पटेल ने करीब तीन वर्षों तक जालौन जनपद की विभिन्न तहसीलों में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कालपी, उरई, जालौन और कोंच में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्य किया। राजस्व मामलों के निस्तारण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संचालन और जनसुनवाई के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में उनकी सक्रिय भूमिका रही।

वहीं, विश्वेश्वर ने भी जनपद में न्यायिक और प्रशासनिक दोनों प्रकार की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अपने कार्यकाल के दौरान वे जालौन, उरई और माधौगढ़ में विभिन्न पदों पर तैनात रहे। न्यायिक प्रकरणों के निस्तारण के साथ प्रशासनिक कार्यों में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

प्रदेश सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद जालौन में नए अधिकारियों की तैनाती से प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शासन के आदेश के अनुसार दोनों अधिकारी जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे, जिसके बाद संबंधित तहसीलों और न्यायिक व्यवस्था में नई प्रशासनिक टीम काम शुरू करेगी।

About बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो

View all posts by बुंदेलखंड रिपोर्ट ब्यूरो →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *