झांसी: वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस से पहले युवा कलाकार सबत खालिदी ने अपनी अद्भुत लघु कला का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस बार उन्होंने बादाम की बेहद छोटी सतह पर महारानी लक्ष्मीबाई का सूक्ष्म एवं आकर्षक चित्र उकेरकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सबत खालिदी की यह कलाकृति इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि इसे तैयार करने में किसी प्रकार के लेन्स या आवर्धक उपकरण का उपयोग नहीं किया गया। छोटे से बादाम पर बनाए गए चित्र में महारानी लक्ष्मीबाई के चेहरे और व्यक्तित्व के बारीक विवरण स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं, जो कलाकार की असाधारण प्रतिभा और धैर्य को दर्शाते हैं।
सबत खालिदी ने बताया कि इतने छोटे आकार पर चित्र बनाना आसान नहीं था। इसके लिए लंबे समय तक एकाग्रता और सूक्ष्म कार्य की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई के साहस, बलिदान और देशभक्ति से प्रेरित होकर उन्होंने यह विशेष चित्र तैयार किया है, ताकि आने वाली पीढ़ियों तक वीरांगना की स्मृति और प्रेरणा पहुंच सके।
गौरतलब है कि सबत खालिदी इससे पहले भी कई अनूठी कलाकृतियों के माध्यम से अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने पैरासिटामोल की गोली, मूंगफली, चना दाल और राजमा जैसी अत्यंत छोटी वस्तुओं पर भी आकर्षक आकृतियां उकेरी हैं। अपनी इस विशिष्ट कला के दम पर वे लगभग 10 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा चुके हैं।
बादाम पर उकेरा गया महारानी लक्ष्मीबाई का यह चित्र कला प्रेमियों के साथ-साथ इतिहास और देशभक्ति से जुड़ी भावनाओं को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
झांसी की रानी को अनोखी श्रद्धांजलि, बादाम पर उकेरा महारानी लक्ष्मीबाई का सूक्ष्म चित्र
