जालौन: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर Yogi Adityanath के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को जालौन नगर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मोहल्ला मुरली मनोहर स्थित गोवर्धन गौशाला में एकत्र होकर गौसेवा, पूजन-अर्चन और मिष्ठान वितरण के माध्यम से जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत गौ माता के पूजन से हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गौशाला परिसर में विधि-विधान से आरती उतारी तथा गौवंश को गुड़ खिलाकर सेवा की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
भगवा गुलाल और मिठाई वितरण से दिखा उत्साह
जन्मोत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को भगवा गुलाल लगाकर खुशी व्यक्त की। गौशाला परिसर में उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया।
मंदिर परिसर में संपन्न हुआ महारुद्राभिषेक
गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्थानीय मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का महारुद्राभिषेक कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
प्रदेश के विकास में योगी की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजा सिंह सेंगर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यकाल युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर बलराम सोनी, मनोज गुप्ता, रामजी ताम्रकार, अनूप दीक्षित, दिनेश कुशवाहा, सुलखान यादव, शिवम ताम्रकार, विपिन महाराज, दीपेंद्र राठौर, अभिनव सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
योगी के जन्मदिन पर उड़ा भगवा गुलाल, वाहिनी ने किया रुद्राभिषेक
